गुरुवार, 3 अगस्त 2017

" ब्लू व्हेल " का अंतिम टास्क




पापा मेरे मैथ्स के सवाल हल करने में मुझे आपकी मदद चाहिए |
नहीं बेटा आज तो मैं बहुत बिजी हूँ , ऐसा करो संडे  को  तुम्हारे साथ बैठूँगा |
पापा , न जाने ये संडे कब आएगा | पिछले एक साल से तो आया नहीं |
बहुत फ़ालतू बाते करने लगा है | अभी इतना बड़ा नहीं हुआ है की पिता से जुबान लड़ाए | देखते नहीं दिन - रात तुम्हारे लिए ही कमाता रहता हूँ | वर्ना मुझे क्या जरूरत है नौकरी करने की |

मम्मा रोज चीज ब्रेड ले स्कूल लंच में ले जाते हुए ऊब होने लगी है ,दोस्त भी हँसी उड़ाते हैं |  क्या आप मेरे लिए आज कुछ अच्छा बना देंगीं |
नहीं बेटा , तुम्हें पता है न सुबह सात बजे तक तुम्हारा लंच तैयार करना पड़ता हैं | फिर मुझे तैयार हो कर ऑफिस जाना होता है | शाम को लौटते समय घर का सामान लाना , फिर खाना बनाना | कितने काम हैं मेरी जान पर अकेली क्या क्या करु | आखिर ये नौकरी तुम्हारे लिए ही तो कर रही हूँ | ताकि तुम्हें बेहतर भविष्य दे सकूँ | कम से कम तुम सुबह के नाश्ते में तो एडजस्ट कर सकते हो |
                                                                                                               सुपर बिजी रागिनी और विक्रम का अपने १२ वर्षीय पुत्र देवांश से ये वार्तालाप सामान्य लग सकता है | पर इस सामान्य से वार्तालाप से देवांश के मन में उपजे एकाकीपन को  उसके माता - पिता नहीं समझ पा रहे थे | तो किसी और से क्या उम्मीद की जा सकती है |

स्कूल से आने के बाद देवांश घर में बिलकुल अकेला होता | कभी सोफे पर पड़ा रहता , तो कभी मोबाइल लैपटॉप पर कुछ खंगालता , कभी रिमोट से टी वी चैनल बदलता | उसे घर एक कैद खाना सा लगता पर माता - पिता की अपने एकलौते पुत्र की सुरक्षा के लिए  घर से बाहर न निकलने की इच्छा उसे मन या बेमन से माननी ही पड़ती | बाहर दोस्त खेलने को बुलाते पर वो  कोई बहाना बना कर मोबाइल में बिजी हो जाता | देवांश पढाई में भी पिछड़  रहा था | ये ऊब भरी जिंदगी उसे निर्थक लग रही थी | उसके लिए जिंदगी बोरिंग हो चुकी थी | जहाँ कोई एक्साईटमेंट नहीं था |

                                           जिन्दगी की लौ फिर से जलाने के लिए वो नए - नए मोबाइल गेम्स खेलता रहता | ऐसे ही  उसकी नज़र पड़ी एक नए गेम पर , जिसका नाम था ब्लू व्हेल | यूँ तो ब्लू व्हेल संसार का सबसे बड़ा जीव है | पर इस गेम का नाम उस पर रखने के पीछे एक ख़ास मकसद था | क्योंकि ये ब्लू व्हेल समुद्र मैं तैरती नहीं थी | जिन्दिगियाँ निगलती थी ,पूरी की पूरी | इसका आसान शिकार थे जिन्दगी से ऊबे हुए लोग | खासकर किशोर व् बच्चे | इस गेम में प्रतियोगियों को ५० दिन में ५० अलग - अलग टास्क पूरे करने होते हैं |और हर टास्क के बाद अपने हाथ पर एक निशान बनाना होता है | इस गेम का आखिरी टास्क होता है आत्महत्या | 
                               जिंदगी की चिंगारी जलाने की चाह  ब्लास्ट तक ले जा सकती है इस बात से अनभिज्ञ देवांश ने यह गेम खेलना शुरू किया | उसे बहुत मजा आ रहा था | पहला टास्क जो उसे मिला वो था रात में हॉरर मूवी देखने का | वो भी अकेले | देवांश सबके सो जाने के बाद चुपचाप दूसरे कमरे में जा कर फिल्म  देखने लगा | डर से उसके रोंगटे खड़े हो गए | पर  आखिरकार उसने फिल्म देख ही ली | जीत के अहसास के साथ उसने अपने हाथ पर निशान बना दिया | सुबह रागिनी ने हाथ देखा तो देवांश ने उसे बताया माँ ट्रुथ एंड डेयर का एक खेल खेल रहा था " ब्लू व्हेल " बहुत मजा आया | रागिनी सुरक्षा के साथ खेल खेलने की ताकीद दे कर अपने काम में लग गयी | इससे ज्यादा कुछ कहने  का समय रागिनी के पास कहाँ होता था | 

                                देवांश का व्यवहार बदल रहा था | रागिनी व् विक्रम  महसूस कर रहे थे | कुछ टोंकते तो भी देवांश उनकी बात अनसुनी कर देता | रागिनी ने उसे पढाई के बहाने टोंका तो देवांश ने बताया ," मम्मा आज मेरे गेम का अंतिम टास्क है | यह पूरा हो जाए फिर कल से पढूंगा | रागिनी  निश्चिन्त हो कर ऑफिस चली गयी | ऑफिस में आज माहौल  कुछ दूसरा ही था | सभी लोग कुछ चिंतित थे | रागिनी ने महसूस किया की आज वो ऑफिस के सहकर्मी नहीं बस माता - पिता थे | जो अपने बच्चों के वीडियो गेम्स खेलने पर चिंतित थे | अब बच्चे हैं तो वीडियो गेम खेलेंगे ही यह सोंच कर रागिनी ने उनकी बातों पर ध्यान न देकर अपने काम पर फोकस करने का मन बनाया | आखिर माता - पिता हैं तो चिंता तो करेंगे ही | 

                   एक बजे लंच ब्रेक में उसने अपनी सहकर्मी मोहिनी से कहा ," क्या बात है आज सभी को अपने बच्चों की टेंशन है | मोहिनी दीवार पर आँखे गड़ा कर लंबी सांस लेते हुए बोली ," क्यों न हो , आज हम सब यहाँ पैसा कमाने में जुटे  हैं , की बच्चों भविष्य सुनहरा हो , वहां घर पर हमारे बच्चे मोबाइल , लैप टॉप पर अपनी जान खतरे में डाल रहे हैं | क्या मतलब ? मोबाइल लैप टॉप पर समय की बर्बादी तो समझ आती है पर जान खतरे में डालना , रागिनी ने प्रतिप्रश्न किया | मोहिनी आश्चर्य से उसकी और देखती हुई बोली , क्या तुमने अखबार नहीं पढ़ा ? मुंबई के एक १४ साल के छात्र ने एक वीडियो गेम के टास्क को पूरा करने के लिए आत्महत्या कर ली | उस गेम का अंतिम टास्क आत्महत्या  ही होता है | जानती हो उस गेम का नाम है " ब्लू व्हेल " 

                             रागिनी को जोर का झटका लगा | मुँह का कौर जैसे गले में अटक गया | कांपते हाथों से विक्रम को फोन मिलाया | पर गला रुंध गया | शब्द मुँह की देहरी पार करने से इनकार करने लगे | बहुत हिम्मत जुटा कर बोली ," विक्रम अभी के अभी मेरे ऑफिस आ जाओ , फिर घर चलते हैं | व्हाट ,विक्रम ने आश्चर्य से कहा , " तुम्हे पता है ना की आज मेरी कितनी जरूरी मीटिंग है | बात क्या है ?तुम अकेली ही चली जाओ | रागिनी अपने आंसुओं का सैलाब रोकते हुए बोली ," जिंदगी की दौड़ में हम सब अकेले ही हो गए हैं विक्रम | पर अपने अपने वृत्त में भागते हुए भी यह अहसास तो रहता ही है की हमारे वृत्त देवांश पर आकर ओवरलैप करते हैं | आज उसी देवांश को हमारी जरूरत है | वो स्कूल से आ गया होगा | और खाना खा  कर वीडियो गेम खेलने लगा होगा | तो इसमें नया क्या है ? विक्रम ने बात बीच में काटते हुए कहा | नया है उसका डेडली गेम ब्लू व्हेल , जिसका आज अंतिम टास्क वो खेलने जा रहा है | क्याआआअ ? विक्रम ने लगभग चीखते हुए कहा , ब्लू व्हेल की चर्चा आज उसके ऑफिस में भी थी | ठीक है , ठीक है मैं अभी आता हूँ | विक्रम ने अपने घुमड़ते हुए मन को नियंत्रित करते हुए कहा | 

                                     बाहर बारिश हो रही थी | आसमान में इतने काले बादल घिरे हुए थे की दोपहर में रात का अहसास हो रहा था | रागिनी और विक्रम के ऑफिस का फासला आधे घंटे का था पर रागिनी को लग रहा था की जैसे विक्रम के आने में युगों बीते जा रहे हैं | सारा ऑफिस रागिनी को घेरे खड़ा था | सब उसकी मनो दशा समझ रहे थे | किसी ने देवांश को फोन करने को कहा | रागिनी ने फोन मिलाया | घंटी जाती रही , जाती रही पर देवांश  ने फोन नहीं उठाया | रागिनी के सब्र का बाँध टूट गया |नेत्रों की गंगा जमुना में बाढ़ आ गयी | विक्रम के आते ही रागिनी उससे  लिपट  कर रो पड़ी ,' विक्रम मेरे देवांश को बचा लो , बचा लो | विक्रम अपनी भावनाओं पर नियंत्रण रख कर उसके सैर पर हाथ फेरते हुए बोला , कुछ नहीं होगा देवांश को , कुछ भी नहीं | 

              दोनों गाडी में बैठ गए | विक्रम ने गाडी चलाना शुरू किया | पर ये क्या , गाडी के वाइपर चल ही नहीं रहे थे |  गाडी का शीशा उनके मन की तरह धुंधला था | तेज बारिश में उन्हें बाहर का कुछ दिखाई नहीं दे रहा था | गाडी रेंग - रेंग कर ही चल पा रही थी | विक्रम  और रागिनी के दिल की धडकने भय से बढती ही जा रही थीं | बीच - बीच में रागिनी देवांश को फोन मिला रही थी | पर देवांश उठा ही नहीं रहा था | यह बात उनके भय को और बढ़ा  रही थी | रागिनी ने  पड़ोस में फोन किया | पर वो लोग तो आउट ऑफ़ स्टेशन थे | उन्होंने अपनी असर्मथता जताते हुए माफ़ी मांग ली | आज ही रागिनी को पता चला की पड़ोस के दो लोग आउट ऑफ़  स्टेशन हैं , एक बीमार हैं और हॉस्पिटल में हैं | व् अन्य एक की आज बेटी की सगाई है इसलिए वो गेस्ट हाउस में हैं | क्या है शहरी जीवन की लाचारी , हमें अपने ही पडोस  की कोई खबर नहीं रहती और दुनिया बदलने के ऊपर घंटों तर्क करते हैं | आज भी रागिनी ने अपने ही मतलब से फोन मिलाया था | पर कोई फायदा नहीं हुआ | देवांश की कुछ भी जानकारी नहीं मिल रही थी | 

                                तभी एक बस स्टॉप  पड़ा | रागिनी ने विक्रम से कहा ," चलो गाडी यही लॉक कर देते हैं व् यहाँ से 172 नम्बर  की बस पकड़ लेते हैं | वो सीधा कॉलोनी के गेट  पर उतारेगी | विक्रम ने हां में हाँ मिलाई |  जिस गाडी के एक स्क्रेच पर उसका मूड ख़राब हो जाता , आज उसी गाडी की उसे कोई चिंता नहीं थी | बस कालोनी के गेट पर रुकी | लाईट नहीं आ रही थी | बाहर का अँधेरा अंदर के अँधेरे से टक्कर ले रहा था | फ्लैट की सीढियां चढ़ते  हुए रागिनी ने मोबाइल की टॉर्च  जला ली | धडकते दिल से रागिनी ने गेट खटखटाया | कोई आवाज़ नहीं आई | रागिनी रोने लगी | विक्रम जोर जोर से दरवाजा खटखटाने लगा | 

                                 कोई आवाज़ न आने पर रागिनी को अपनी आशंका सच में बदलती हुई नज़र आई | वो वहीँ जमीन पर पसर गयी और दहाड़े मार मार कर रोने लगी | विक्रम ने दरवाजा तोड़ने का मन बनाया | वो पूरी ताकत से अपने कंधे दरवाजे पर मारने लगा | तभी दरवाज़ा खुला | देवांश अपनी उनींदी पलकों को मलते हुए उन्हें आश्चर्य से देख रहा था |मम्मा पापा आप इतनी जल्दी ? रागिनी और विक्रम की जैसे जान में जान आ गयी | उन्होंने उसे दौड़कर गले से लगा लिया | रागिनी देवांश को बार - बार चूमे जा रही थी व् बुदबुदाते हुए भगवान् का धन्यवाद दे रही थी | विक्रम धीरे - धीरे अपने रुमाल से अपने आंसुओं को पोंछ रहा था | एक बड़ी विपदा आते - आते टल  गयी थी | 

                         थोड़ी ही देर में लाईट आ गयी | उनके रोते हुए चेहरे देखकर देवांश ने पूंछा ," मम्मी - पापा क्या बात है ?आप लोग रो क्यों रहे थे ? रागिनी देवांश के सर पर हाथ फेरते हुए बोली ," बेटा हम बहुत डर गए थे | वो तुम्हारा गेम " ब्लू व्हेल " आज उसके बारे में खबर पढ़ी | फिर तुम्हारा फोन भी नहीं लगा | हम घबरा गए | कहीं तुम उसका अंतिम टास्क तो नहीं खेल रहे हो | हां , मम्मा आज उसका अंतिम टास्क खेलना था | पर न लाईट आ रही थी न इन्टरनेट | तो फिर मैं फोन को म्यूट पर कर के सो गया | मुझे पता था , आप लोग तो फोन करते नहीं पर मेरे दोस्त बार - बार फोन करके मुझे बाहर खेलने को बुलायेंगे और मैं जाऊँगा नहीं | विक्रम बोले ," देवांश आज  ईश्वर ने बहुत बड़ी कृपा की | तुम्हें पता है आत्महत्या के लिए उकसाने वाला ये गेम अपराधिक मानसिकता वाले लोंगों ने बनाया हैं | जिसमें से एक पकड़ा गया है | जिसका नाम फिलिप है | वो २१ साल का रूस का रहने वाला है | सबसे खतरनाक बात यह है की अपने कृत्य पर वो शर्मिंदा नहीं है | अपनी गवाही में उसने साफ़ - साफ़ कहा है की उसके पीड़ित " जैविक कूड़ा हैं " समाज की सफाई के लिए जिनका मर जाना ही अच्छा है | 
                               देवांश बड़े गौर से पिता की बाते सुन रहा था | फिर आँखें नीची कर के बोला ," पापा मैं आत्महत्या नहीं करना चाहता था | मैं तो जिन्दगी की ऊब में बस थोडा ऐडवेंचर चाहता था | आप और मम्मा पूरे दिन के लिए काम पर चले जाते हो | मैं अकेला  रह जाता हूँ | बोर होता रहता हूँ | क्या करु ? रागिनी ने उसका माथा  चूमते हुए कहा ," नहीं देवांश , अब हम ओवर टाइम नहीं करेंगे | जिसके लिए हम इतना कामकर   रहे हैं अगर वो ही साथ छोड़ कर चला जाए तो फिर यह रुपया - पैसा किस काम का ? अब हम अपना टाइम ऐसे मेनेज करेंगे की तुम्हें ज्यादा देर तक अकेला न रहना पड़े | मेरे बच्चे तुम से ज्यादा कीमती हमारे लिए कुछ नहीं | देवांश की आँखों में ख़ुशी के आँसूं थे | उसने धीरे से कहा ," थैंक यू मम्मा , थैंक यूँ पापा | 

                              देवांश के सोने के बाद भी रागिनी की आँखों में नींद नहीं थी | विक्रम भी बार - बार करवट बदल रहे थे | रागिनी ने ही पूंछा ," विक्रम सोये  नहीं क्या ? नहीं रागिनी नींद नहीं आ रही | ईश्वर की कृपा से हमारा देवांश तो बच गया पर न जाने कितने बच्चे ऐसे जानलेवा खेलों की गिरफ्त में फंसे होंगे | हम माता - पिता बच्चों के लिए कमाने के चक्कर में इतना व्यस्त हो जाते हैं की ये भी नहीं सोंच पाते की बच्चों को माता - पिता का समय भी चाहिए सिर्फ सुविधाएं ही नहीं |विक्रम  ने कहा | पर हम क्या कर सकते है , रागिनी ने गहरी सांस लेते हुए कहा | विक्रम थोड़ी देर तक रागिनी को एक तक  देखते हुए बोला ," रागिनी हम अवेयरनेस तो फैला सकते हैं दोस्तों सहकर्मियों में फेसबुक , ब्लॉग ,ट्विटर  के माध्यम से , अपने अपने स्तर पर | रागिनी की आँखों में चमक आ गयी ," सही कह रहे हो तुम ये अवेयर नेस जरूरी है की माता - पिता अपने बच्चों को मंहगे मोबाइल के हवाले न कर दे ताकि बच्चे किसी सेल्फ हर्मिंग गेम के चंगुल में न फँस जाए | न ही कोई ब्लू व्हेल निगल ले किसी मासूम की जिन्दगी |विक्रम ने सहमती से सर हिलाया |
वंदना बाजपेयी 


नोट - जैसा की आप सब को पता है की ब्लू व्हेल गेम एक सेल्फ हार्मिंग गेम है | मुंबई के एक बच्चे ने इसी गेम को खेलते हुए आत्म हत्या कर ली थी | यह खबर हर अखबार में थी | जी . टी वी के  डीएनए में भी इसकी चर्चा हुई थी | माता - पिता को न सिर्फ अपने बच्चों को समय देना चाहिए बल्कि उनके ऊपर निगरानी रखना भी जरूरी है की वो क्या खेल रहे हैं | ये कहानी इसी अवेयरनेस मुहिम का हिस्सा है | 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें